देहरादून , अप्रैल 14 -- केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे का निर्माण देश के विकास का प्रतीक है और इससे राष्ट्रीय राजधानी तथा उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बीच की दूरी आठ घंटे से घटकर महज छह घंटे की रह जाएगी।

दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि इस परियोजना में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है और वन्यजीवों की आवाजाही को विशेष महत्व दिया गया है ताकि विकास की गतिविधियों से वन्य जीवों की स्वच्छंदता बाधित नहीं हो। इसके लिए वन्य जीव बाहुल्य क्षेत्र में एक्सप्रेसवे को एलिवेटर से जोड़ा गया है ताकि उसके नीचे वन्य जीव जंतु आसानी से और स्वच्छंदता के साथ विचरण कर सकें।

उन्होंने कहा कि देहरादून ऋषिकेश हरिद्वार में जाम की स्थिति से निपटने के लिए भी परियोजना को मंजूरी दी गई है और इस पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। हरिद्वार , देहरादून और ऋषिकेश के बीच लोगों को जाम के संकट से छुटकारा मिले और आवाजाही को आसान बनाया जाय इसके लिए बेहतर और चौड़ी सड़कों के निर्माण के साथ ही विकास की नयी नयी योजनाओं को पूरा किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से उत्तराखंड में विकास को नया आयाम मिलेगा। उंन्होंकहा कि 12000 करोड़ की लागत से निर्मित इस परियोजना से उत्तराखंड में यातायात सुविधा अत्यंत आधुनिक हो जाएगी और चार धाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों के लिए भी इससे आवाजाही और आसान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रियों के लिए परिवहन सुविधा और बेहतर हो जाएगी।

श्री गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में भूस्खलन के संकट से निपटने की परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है और खासकर केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए यात्रा को सरल और सुविधाजनक बनाने के वास्ते रोप-वे बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के जरिए दोनों धाम की यात्रा अत्यंत आसान हो जाएगी। इससे केदारनाथ में आधा घंटे में 9 घंटे के सफर को तीर्थ यात्री आसानी से पूरा कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित