बेंगलुरु , जनवरी 24 -- गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत छत्तीसगढ़ ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी मुकाबले में शनिवार को दिल्ली के दूसरी पारी में 158 के स्कोर पर तीन विकेट झटक कर मैच पर अपनी पकड़ बना ली है।

आज यहां छत्तीसगढ़ ने कल के दो विकेट पर 351 के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में मयंक वर्मा (31) रन आउट हुये। इसके बाद जल्द ही विकल्प तिवारी (सात) के रूप में छत्तीसगढ़ का चौथा विकेट गिर गया। 115वें ओवर में मनी ग्रेवाल ने दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे आयुष पांडेय को पगबाधा आउटकर दिल्ली को बड़ी सफलता दिलाई। आयुष पांडेय ने 357 गेंदों में 21 चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 183 रनों की पारी खेली।

अमनदीप खरे (तीन), शाबान खान (38), देव आदित्य सिंह (29) रन बनाकर आउट हुये। 157वें ओवर में सुमित माथुर ने आशीष चौहान (शून्य) को आउटकर छत्तीसगढ़ की पारी का 505 रन के स्कोर पर अंत किया। शुभम अग्रवाल 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली के लिए सुमित माथुर ने तीन विकेट लिये। दिविज मेहरा, मनी ग्रेवाल को दो-दो विकेट मिले। वैभव कांडपाल, आयुष बदोनी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली के लिए सनत सांगवान और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 123 रन जोड़े। 22वें ओवर में शुभम अग्रवाल ने प्रियांश आर्य (57 गेंदों में 82 रन) को आउटकर छत्तीसगढ़ को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद सनत सांगवान 44 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुये। 30वें ओवर में विकल्प तिवारी ने वैभव कांडपाल (एक) को आउट किया। दिन का खेल समाप्त होने के समय दिल्ली ने 30 ओवरों में तीन विकेट पर 158 रन बना लिये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित