नयी दिल्ली , मार्च 08 -- दिल्ली प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड ) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर खुशी जताई है और कहा है कि इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
श्री कुमार ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि श्री निशांत कुमार के पार्टी से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) समाज के सभी वर्गों के विकास, सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है।
जद (यू) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री निशांत कुमार जी में सभी मानवीय मूल्य, कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता मौजूद है और वह मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के आदर्शों से प्रेरित है। उनके पार्टी से जुड़ने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
श्री कुमार ने बताया कि श्री निशांत कुमार ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के मौके पर कहा कि वह जद (यू) की विचारधारा तथा बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के सुशासन और विकास मॉडल से प्रेरित होकर पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित