बेंगलुरु , जनवरी 13 -- प्लेयर ऑफ द मैच यश राठौड़ की 86 रन की बेहतरीन पारी और नचिकेत भूटे के चार विकेटों की बदौलत विदर्भ ने दिल्ली को मंगलवार को 76 रन से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

विदर्भ ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 300 रन का विशाल स्कोर बनाने के बाद दिल्ली को 451 ओवर में 224 रन पर निपटा दिया। प्लेयर ऑफ द मैच बने यश ने 73 गेंदों पर 86 रन में आठ चौके और दो छक्के लगाए।अथर्व तायडे ने 62 और ध्रुव शौरी ने 49 रन का योगदान दिया। दिल्ली की तरफ से इशांत शर्मा, नवदीप सैनी, प्रिंस यादव और नीतीश राणा ने दो-दो विकेट लिए।

दिल्ली की तरफ से अनुज रावत ने सर्वाधिक 66 रन बनाये जबकि वैभव कांडपाल और प्रियांश आर्य ने 28-28 तथा हर्ष त्यागी ने 27 रन का योगदान दिया।विदर्भ की तरफ से नचिकेत भूटे ने 51 रन पर चार विकेट और हर्ष दुबे ने 36 रन पर तीन विकेट लिए। दिल्ली की टीम अपने चार विकेट 80 रन पर गंवाने के बाद मुकाबले में नहीं लौट सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित