नयी दिल्ली , दिसम्बर 16 -- दिल्ली के सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली को सहकारिता का राष्ट्रीय हब बनाया जायेगा जहां देश भर के सहकारिता से जुड़े लोगों और उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा।

श्री सिंह ने नाबार्ड की ओर से मंगलवार को आयोजित सहकार हाट के शुभारम्भ पर कहा कि सहकारिता आंदोलन भारत के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की रीढ़ है और दिल्ली सरकार इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 'सहकार से समृद्धि' संकल्प एक आन्दोलन बना और देश में सहकारिता क्षेत्र मजबूत हुआ। वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहकारिता से जुड़े लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जब किसान, कारीगर और छोटे उद्यमी सशक्त होंगे, तभी देश आत्मनिर्भर बनेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ एक बड़ा उपभोक्ता बाजार है। दिल्ली से सहकारिता उत्पादों की प्रभावी मार्केटिंग का लाभ पूरे देश के किसानों और सहकारिता से जुड़े लोगों को मिलेगा। दिल्ली सरकार एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित करेगी, जहाँ सहकारिता से जुड़े लोग पंजीकरण कर अपने उत्पादों की मार्केटिंग कर सकेंगे। इससे छोटे उद्यमी और वे लोग भी जुड़ पाएंगे, जो अब तक सहकारिता से दूर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित