नयी दिल्ली , जनवरी 23 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार राजधानी को मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

श्रीमती गुप्ता ने शुक्रवार को बुद्ध विहार फेज-1 में नोवा नियो अस्पताल के शुभारंभ के अवसर पर कहा, "सरकार राजधानी को मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके लिए नए और आधुनिक अस्पतालों का निर्माण किया जा रहा है, मौजूदा अस्पतालों को अपग्रेड किया जा रहा है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि दिल्ली के हर नागरिक को समय पर, बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।"उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के माध्यम से भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि इसके सकारात्मक और प्रभावी परिणाम सामने आ सकें। सरकार का लक्ष्य है कि दिल्लीवासियों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न वार्डों, जांच विभागों और विशेष चिकित्सा इकाइयों का अवलोकन किया। उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा स्टाफ से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त किया कि नोवा नियो अस्पताल सेवा, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट चिकित्सा का नया मानक स्थापित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित