नयी दिल्ली , मार्च 18 -- देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके पालम में बुधवार सुबह चार मंजिला एक इमारत में भीषण आग लगने से तीन बच्चों और चार महिलाओं सहित एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा पालम गांव के राम चौक बाजार स्थित एक कपड़े और कॉस्मेटिक शोरूम वाली इमारत में हुआ।

पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, आग सुबह करीब सात बजे राम मार्केट स्थित 'राजेंद्र कश्यप' (मार्केट प्रधान) की इमारत में लगी। इस इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़ों का शोरूम था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार रहता था।

इस आग को बुझाने में दमकल, एनडीआरएफ और वायुसेना पुलिस की टीमों ने मेहनत की। बचाव टीमों की मदद से कुल 12 लोगों को निकाला गया, जिनमें से नौ को मृत घोषित कर दिया गया। इनमें प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), हिमांशी (22) और 15, 6 व तीन साल की तीन बच्चियां शामिल हैं। वहीं 19 वर्षीय सचिन सहित तीन अन्य का इलाज सफदरजंग और आईजीआई अस्पताल में चल रहा है। दमकल की 30 गाड़ियां और 11 एंबुलेंस की मदद से बचाव कार्य चलाया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "दिल्ली के पालम में हुई आग की घटना अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं।"प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो -दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित