नयी दिल्ली , मार्च 07 -- पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई हिंसक झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), मुस्ताक (46), कमरुद्दीन (36), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तम नगर के निवासी हैं।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:09 बजे दिल्ली पुलिस को पड़ोसियों के बीच झगड़े की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक लड़की ने कथित तौर पर एक महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्य सड़क पर इकट्ठा हो गए और झगड़ा बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से पांच यानी कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें 26 वर्षीय तरुण को गंभीर चोटें आई थीं और गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शुरुआत में पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 3(5) के तहत दर्ज किया था। लेकिन तरुण की मौत के बाद मामले में धारा 103(1) (हत्या) भी जोड़ दी गई।

जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार करीब पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे और पहले भी पार्किंग तथा कूड़ा फेंकने जैसे छोटे मुद्दों पर उनके बीच विवाद होते रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित