झुंझुनू , दिसम्बर 19 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय दौरे के तहत राजस्थान में झुंझुनू के विश्व प्रसिद्ध राणी सती मंदिर में मत्था टेका और राज्य की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
श्रीमती गुप्ता सड़क मार्ग से झुंझुनू पहुंची थीं। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने उनकी अगवानी की। राणी सती मंदिर पहुंचने पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से दिल्ली की मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में दर्शन किये और पंडितों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न की। दर्शन के दौरान श्रीमती गुप्ता ने मंदिर की स्थापत्य कला और व्यवस्थाओं की सराहना भी की। झुंझुनू पहुंचने पर विधायक राजेंद्र भांबू, भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने उनका स्वागत किया। श्रीमती गुप्ता ने राणी सती मंदिर में दर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त मुलाकात की। इसके बाद उनका काफिला फतेहपुर (सीकर) के लिए रवाना हो गया। प्रशासन ने झुंझुनू से फतेहपुर सीमा तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित