फरीदकोट , मार्च 14 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब के साथ दिल्ली की पार्टियों द्वारा किए गए ऐतिहासिक अन्यायों को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है।
'पंजाब बचाओ' आंदोलन के तहत वरिष्ठ नेता परमबंस सिंह रोमाणा के साथ विशाल रैली को संबोधित करते हुए श्री बादल ने कहा कि इन पार्टियों ने राज्य को उसकी राजधानी से वंचित रखा, भाषाई आधार पर पुनर्गठन के समय पंजाबी भाषी क्षेत्रों को बाहर कर दिया और रिपेरियन सिद्धांतों का उल्लंघन कर राज्य के आधे हिस्से का पानी राजस्थान को दे दिया। उन्होंने कहा , "पंजाब देश का इकलौता राज्य है जिसकी अपनी राजधानी नहीं है।दिल्ली की पार्टियाँ सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर बनाकर पंजाब का बचा-कुचा पानी भी छीनना चाहती हैं। अगर आज तक इस नहर में पानी नहीं बहा है, तो वह केवल अकाली दल के कारण है। अगर यह पानी हरियाणा चला जाता, तो हमारा राज्य रेगिस्तान बन जाता।"श्री बादल ने याद दिलाया कि आज मालवा क्षेत्र अगर समृद्ध है, तो वह अकाली दल की वजह से है। गेहूं और धान पर एमएसपी दिलाने, सेम की समस्या दूर करने और बाबा फरीद यूनिवर्सिटी की स्थापना का श्रेय उन्होंने प्रकाश सिंह बादल को दिया। उन्होंने 'आप' सरकार को भ्रष्ट बताते हुए कहा कि वह 2022 की तरह फिर से पंजाबियों को धोखा दे रही है। उन्होंने महिलाओं को 1,000 रुपये देने की घोषणा को 52,000 करोड़ का कर्ज लेकर और सरकारी संपत्ति बेचकर किया गया चुनावी स्टंट बताया।
उन्होने कहा कि राजनीतिक विरोधियों पर दर्ज फर्जी मामलों की समीक्षा के लिए एक आयोग बनाया जाएगा, जो तीन महीने में रिपोर्ट देगा और दोषी नेताओं व पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
इन्वेस्ट पंजाब समिट पर बोलते हुए बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अकाली दल के समय बने फोर-लेन हाईवे, एयरपोर्ट और बिजली सरप्लस होने का श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे पिछले चार वर्षों में पंजाब के लिए किया गया कोई एक अपना काम गिनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित