नयी दिल्ली , जनवरी 22 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को दिल्ली सरकार से संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अवसर पर एक फरवरी को सार्वजनिक अवकाश एवं शुष्क दिवस घोषित करने का आग्रह किया।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि राजधानी में बड़ी संख्या में रविदासिया समुदाय की मौजूदगी देखते हुए, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गुरु रविदास के अनुयायियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस संबंध में एक अधिसूचना जारी करनी चाहिए।

श्री यादव ने याद दिलाया कि 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद, उपराज्यपाल ने भाजपा के समर्थन से रविदास जयंती के अवसर पर 12 फरवरी, 2025 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था, जिसके तहत सरकारी कार्यालय, स्कूल और स्थानीय निकाय बंद रहे थे। हालांकि उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शुष्क दिवस घोषित नहीं किया गया था, जो दलित समुदाय के प्रति भाजपा के रवैये को दर्शाता है।

उन्होंने 10 अगस्त, 2019 को दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा तुगलकाबाद में संत रविदास मंदिर को ध्वस्त करने का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि यह दलितों की धार्मिक आस्था पर हमला था, जिसे केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर अंजाम दिया गया था।

कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी सभी धर्मों एवं जातियों का समान रूप से सम्मान करती है और दलित समाज के उत्थान के लिए काम करती रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा दलित समुदाय की भावनाओं की वास्तविक परवाह किए बिना लगातार वोट बैंक की राजनीति में लगी रहती है।

श्री यादव ने दोहराया कि दिल्ली सरकार को इस अवसर पर एक फरवरी को सार्वजनिक अवकाश और शुष्क दिवस दोनों घोषित करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित