नयी दिल्ली , मार्च 19 -- दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पालम में आग की घटना पर गुरुवार को दिल्ली उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की मांग की है।
श्री यादव ने आंकड़ों के आधार पर बताया कि 2016 से 2025 के बीच आग की घटनाओं में 4652 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में ही 24 लोगों की जान जा चुकी है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण दिल्ली "दुर्घटनाओं की राजधानी" बनती जा रही है। पालम हादसे में दमकल विभाग की गाड़ियां एक घंटे देरी से पहुंचीं और हाइड्रोलिक मशीनें भी समय पर काम नहीं कर पाईं, जिससे नुकसान बढ़ा। विभाग में संसाधनों और कर्मचारियों की भारी कमी है।
श्री यादव ने पत्र के जरिए ये भी मांग की कि गठित कमेटी झुग्गी बस्तियों सहित अन्य क्षेत्रों में आग से बचाव के उपाय सुझाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
गौरतलब है कि पालम इलाके में बुधवार को भीषण आग लग गई थी, इस घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों का उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित