नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार-रविवार की रात स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस के ज्यूरिख जा रहे विमान का एक टायर फट गया। पूर्ण आपात स्थिति की घोषणा कर सभी 230 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतारा गया।

दिल्ली हवाई अड्डे की ओर से जारी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया है कि यह घटना रनवे 28 पर हुई। उड़ान संख्या एलएक्स-147 दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन हादसे के कारण टेकऑफ टाल दिया गया।

पोस्ट में बताया गया है कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया। हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य बना हुआ है।

सूत्रों ने बताया कि विमान में चालक दल के 13 सदस्यों समेत 230 लोग सवार थे। एटीसी ने रात 1.30 बजे पूर्ण आपात स्थिति की सूचना दी और बताया कि विमान का टायर फटा है।

बाद में मौके पर मुआयना करने गयी टीम ने इस बात की पुष्टि की कि रनवे 28 पर विमान के दाहिने पहिये से धुआं उठता देखा गया था। घटना के तुरंत बाद यात्रियों को निकालना शुरू कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित