नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेंद्र सिंह ने चार प्रमुख महानगरों में 200 स्वचालित मौसम स्टेशन (एडब्ल्यूएस) स्थापित करने की घोषणा की है।
श्री सिंह ने गुरूवार को मौसम विभाग के 151वें स्थापना दिवस समारोह में कहा कि घनी आबादी वाले दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और पुणे शहरों में मौसम की भविष्यवाणी में सुधार करने और आपदा तैयारी को मजबूत करने के लिए इस साल 50-50 एडब्ल्यूएस स्थापित किये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मौसम निगरानी स्टेशनों का यह नेटवर्क सटीक और बेहतर डेटा प्रदान करेगा, जिससे अचानक होने वाली भारी बारिश, गरज के साथ तूफान, अत्यधिक गर्मी की घटनाओं और तेजी से होने वाले अन्य बदलावों की अधिक सटीक भविष्यवाणी की जा सकेगी। श्री सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि डेटा-आधारित पूर्वानुमान का प्रभाव केवल आपदा जोखिम को कम करने तक सीमित नहीं है, यह कृषि, विमानन और शहरी नियोजन सहित मौसम के डेटा से प्रभावित होने वाले विभिन्न क्षेत्रों में निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत बनाता है। इस कार्यक्रम में 'मिशन मौसम' के तहत 'कल्प' और 'संकल्प' नामक दो ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किए गए। यह प्रोजेक्ट पिछले साल भारतीय किसानों को फसल प्रबंधन में सहायता करने के लिए शुरू किया गया था।
मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, 'कल्प' एक कृषि सलाह उपलब्ध कराने वाला पोर्टल है, जो स्थानीय मौसम के आधार पर सूचनाएं प्रदान करता है। इससे फसल के प्रकार और उनके विकास के चरण के अनुसार किसानों के पास सूचनाएं उपलब्ध होती हैं। यह पोर्टल स्वचालित रूप से किसान की स्थिति के अनुसार तापमान, आर्द्रता, वर्षा, बादलों की स्थिति, हवा की गति, दिशा आदि के आधार पर पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान प्रदान करता है। किसान पंचायत स्तर पर भी स्थिति को दर्ज कर सकते हैं।
यह पोर्टल फसली मौसम से जुड़े रोग और उनके जोखिमों पर मार्गदर्शन प्रदान करता है तथा संक्रमण को रोकने के लिए उपयुक्त कीटनाशकों की सिफारिशें भी करता है। अधिकारियों ने बताया कि ये सलाह हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी की जाती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित