कोलकाता , फरवरी 20 -- पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं खड़गपुर के पूर्व विधायक दिलीप घोष की पत्नी रिंकू मजूमदार ने पार्टी नेतृत्व से 2026 राज्य विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी के लिए आवेदन किया है।

सुश्री मजूमदार ने औपचारिक प्रक्रिया के तहत भाजपा को अपना बायोडाटा जमा कर दिया है।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री घोष ने कहा कि वे अपनी पत्नी के आवेदन में कुछ भी असामान्य नहीं देखते। उन्होंने कहा, "वह मुझसे पहले की कार्यकर्ता हैं। मैं सांसद और विधायक बना। उन्हें भी विधायक बनने की इच्छा है।"उन्होंने आगे कहा कि उन्हें टिकट मिलेगा या नहीं, यह पूरी तरह पार्टी नेतृत्व पर निर्भर है। पार्टी में हजारों कार्यकर्ताओं ने आवेदन जमा किए हैं। कोई भी ऐसा कर सकता है। पार्टी तय करेगी कि किसे कहां से उतारा जाएगा।

सुश्री मजूमदार पिछले एक दशक से अधिक समय से भाजपा से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में पार्टी की महिला मोर्चा में पद संभाल रही हैं।

श्री दिलीप घोष ने 2016 के चुनाव में खड़गपुर विधानसभा सीट जीती थी और बाद में 2019 में मेदिनीपुर से सांसद बने। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें बर्धमान-दुर्गापुर सीट पर शिफ्ट किया, जहां वे तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने चुनाव लड़ने में रुचि जताई है और संगठनात्मक नियमों के अनुसार नेतृत्व को अपना बायोडाटा जमा कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित