जयपुर , अप्रैल 01 -- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को बुधवार को यहां बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले विज्ञान वर्ग में राज्य स्तर पर प्रथम सोनू मेहरा तथा कला वर्ग में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पर रहने वाली नव्या मीणा एवं द्वितीय स्थान पर रहने वाली खुशी चौधरी ने श्री दिलावर से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री दिलावर ने तीनों बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

विज्ञान वर्ग कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान हासिल करने वाला सोनू मेहरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वाटिका, सांगानेर जयपुर का विद्यार्थी है। सोनू के पिता विनोद मेहरा श्रमिक हैं तथा पुताई का काम करते हैं। वह अपने स्कूल की प्रिंसिपल सारिका सिंगल, जयपुर की मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल काव्या तथा अपने पिता विनोद मेहरा और माताजी के साथ श्री दिलावर के निवास पर आया और मंत्रीजी का आशीर्वाद लिया।

सोनू मेहरा ने श्री दिलावर को बताया कि वह आगे चलकर यूपीएससी की परीक्षा पास करके अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी बनना चाहता है। श्री दिलावर ने सोनू मेहरा को शुभकामना देते हुए कहा कि निश्चित ही तुम आईएएस अधिकारी बनोंगे। खूब मेहनत करो।

इस अवसर पर श्री दिलावर ने घोषणा की कि सोनू की यूपीएससी परीक्षा की तैयारी का पूरा खर्च हम उठाएंगे। सोनू के साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लूनियावास, जिला जयपुर की कला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा नव्या मीणा तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली खुशी चौधरी ने विद्यालय के प्रिंसिपल मुकेश कुमार शर्मा के साथ मंत्री के घर पहुंच कर उनका आशीर्वाद लिया।

उल्लेखनीय है कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लूनियावास,जिला जयपुर में वर्तमान में केवल कला संकाय ही संचालित है।

श्री दिलावर ने विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं की प्रतिभा को देखते हुए विद्यालय में विज्ञान संकाय खोलने की भी घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित