श्रीगंगानगर , अप्रैल 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को कक्षा एक से आठ तक संचालित राजकीय विद्यालय 3 एचएच और सूरतगढ़ की ग्राम पंचायत भगवानगढ़ के एक डीबीएनडी का औचक निरीक्षण किया।
आधिकारिक सू्त्रों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के समय राजकीय विद्यालय 3 एचएच के प्रिंसिपल गिरजा शंकर अनुपस्थित पाए गए। जानकारी मिली कि उन्होंने अवकाश भी स्वीकृत नहीं कराया था। इसके अलावा दो अन्य शिक्षक भी बिना अनुमति के अनुपस्थित मिले। विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक कुल 32 विद्यार्थियों का नामांकन है जबकि गांव की आबादी करीब 700 है। इस पर मंत्री ने नामांकन बढ़ाने एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
श्री दिलावर ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से सवाल-जवाब करके उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया, जिसमें छात्रों का प्रदर्शन कमजोर पाया गया। एक छात्र द्वारा साधारण गणितीय प्रश्न का गलत उत्तर देने पर मंत्री ने शिक्षण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। कक्षा सात के निरीक्षण में तीन विद्यार्थी ही उपस्थित मिले।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद श्री दिलावर ने पंचायत समिति सूरतगढ़ की ग्राम पंचायत भगवानगढ़ के एक डीबीएनडी स्कूल का भी निरीक्षण किया। विद्यालय वर्ष 2021 में माध्यमिक से उच्च माध्यमिक विद्यालय मे क्रमोन्नत हो गया था, परन्तु विद्यालय के प्रवेश द्वार पर अब भी माध्यमिक विद्यालय का बोर्ड लगा मिला। विद्यालय के शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं थी। छात्र-छात्रा शौचालय का नाम सही अंकित नहीं पाया गया। इस पर मंत्री ने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित