जयपुर , मई 10 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को जयपुर में विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के खातीपुरा मंडल स्थित वार्ड-21 में लगभग 3.50 करोड़ रुपए एवं भवानी निकेतन मंडल की वार्ड संख्या 17 में आयोजित वार्ड कार्यशाला में भाग लेकर तीन करोड़ की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्पित कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित वार्ड कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री ने संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय विकास में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन के विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित