मोहाली , अप्रैल 03 -- पंजाब के मोहाली के साथ लगते खरड़ के पीर सुहाना रोड़ पर दिन-दहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर पनसप के कर्मचारी से करीब 3.5 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
यह घटना उस समय हुई जब कर्मचारी विपन अपनी एक्टिवा पर नकदी लेकर बैंक में जमा कराने जा रहा था। अंडरब्रिज के पास पहुंचते ही आरोपियों ने उसे रोक लिया और हथियार दिखाकर कैश छीन लिया।
बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित