भोपाल , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नरेला विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से जुड़े मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज पचौरी ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पचौरी अपने अधिवक्ताओं के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू मतदाताओं को परेशान करने और भ्रम फैलाने के उद्देश्य से झूठी शिकायत की गई है।

उन्होंने बताया कि संबंधित प्रकरण में रिटर्निंग अधिकारी और बीएलओ द्वारा की गई जांच में सभी मतदाता सही पाए गए थे। इसके बावजूद दिग्विजय सिंह और मनोज शुक्ला द्वारा कुछ लोगों पर दबाव बनाकर उनसे शपथपत्र दिलवाए गए।

पचौरी ने निर्वाचन अधिकारी को रहवासी मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत काउंटर शपथपत्र भी सौंपे। रहवासी मतदाता पोखन लाल साहू और हमीर सिंह यादव ने अपने काउंटर शपथपत्र में कहा कि उनसे दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित