नासिक , अप्रैल 07 -- महाराष्ट्र के नासिक जिले में दिंडोरी नगर पंचायत क्षेत्र में गत 03 अप्रैल की रात हुए भीषण हादसे का संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने विस्तृत जांच के लिए समिति गठित की है।

दुर्घटना में दिंडोरी तालुका के इंदौर गांव के दरगोडे परिवार के छह स्कूली बच्चों समेत कुल नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

प्रशासन ने मामले की सच्चाई सामने लाने और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच के लिए स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया है। समिति को घटनास्थल की स्थिति, कार्य पद्धति, लागू सुरक्षा उपायों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। समिति मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी, संबंधित अधिकारियों और श्रमिकों के बयान दर्ज करेगी तथा कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों के पालन का आकलन करेगी। इसके अलावा समिति को भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुझाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने समिति को सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही, संबंधित नगर पंचायत को जांच के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज और सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया है। यह समिति श्री श्याम गोसावी (संयुक्त जिला आयुक्त, नगर प्रशासन, कलेक्टर कार्यालय नासिक) के पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में कार्य करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित