गोण्डा/बलरामपुर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्र में एक जाति विशेष से जुड़ा प्रश्न पूछे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी तथा अन्य दलों के नेताओं ने सवाल उठाए हैं।

गोण्डा जिले की कटरा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक बावन सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संबंधित प्रश्न को हटाने और परीक्षा निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास" के नारे का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे जातिगत प्रश्नों से एक विशेष समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रश्नपत्र तैयार करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की भी मांग की है।

वहीं बलरामपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक पलटूराम ने भी सामाजिक माध्यम पर संदेश साझा कर इस प्रश्न का कड़ा विरोध जताया है। इसके अलावा सवर्ण समाज से जुड़े कई संगठनों ने भी प्रश्नपत्र का विरोध करते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित