चमोली , दिसंबर 28 -- उत्तराखंड के चमोली में दहेज की मांग को लेकर बहू की हत्या के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रविवार को सास-ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह मामला थाना थराली क्षेत्र के ग्राम ल्वाणी का है।
मृतका की मां सुपुली देवी निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर ने 23 सितंबर 2025 को थाना थराली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उर्मिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार घटना से पहले उर्मिला ने फोन पर मारपीट की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों से उसकी मौत की सूचना मिली। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर थाना थराली में मुकदमा बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच की गई। विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा की जा रही है।
जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपी त्रिलोक सिंह (ससुर) और रामेश्वरी देवी (सास) को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित