बहराइच , दिसंबर 14 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज इलाके में वन विभाग ने एक और आदमखोर भेड़िए को मार गिराया है। यह कार्रवाई स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई। रविवार देर शाम वन विभाग की टीम ने इस भेड़िए का शिकार किया, और यह पिछले दो दिनों में मारा गया दूसरा भेड़िया है।
सूत्रों के अनुसार, कैसरगंज के गोडाहिया नंबर चार के मजरा जरवा में रविवार को ग्रामीणों ने एक भेड़िए को देखा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे भागे, जिसके बाद भेड़िया गन्ने के खेत में घुस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की।
देर शाम, वन विभाग के शूटरों ने नदी के कछार में भेड़िए को घेर लिया। उसे रेस्क्यू करने का प्रयास किया गया, लेकिन जब भेड़िया भागने लगा, तो शूटर ने उसे लक्ष्य बनाकर गोली चला दी। गोली लगने के कारण भेड़िए की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रभागीय वनाधिकारी राम सिंह यादव ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे जरूवा इलाके में भेड़िए की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र की कांबिंग की और ड्रोन की मदद से भेड़िए की तलाश की। ट्रैकिंग के दौरान भेड़िया नदी के कछार में घास के झुरमुट में भागता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद उस पर फायर किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित