धमतरी , फरवरी 21 -- ) छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के दहदहा गांव में हाल ही में स्कूली बच्चों द्वारा अपनी कलाई काटने की घटना को लेकर सियासत तेज हो गयी है और इस मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधा है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित सभा के निरीक्षण के लिए कुरूद पहुंचे श्री बैज ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कहा कि भाजपा शासन में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों का माहौल इस कदर प्रभावित हो चुका है कि पढ़ने वाले बच्चे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

श्री बैज ने कहा कि इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

उल्लेखनीय है कि दहदहा गांव में स्कूली बच्चों द्वारा कलाई काटने की घटना सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित