अलवर , फरवरी 22 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी राजाराम ने रविवार को बताया कि पीड़ित सुभाष ने दो अप्रैल 2023 को शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर फोन करके उसे बीमा दावा दिलाने का झांसा दिया। और व्हाट्सएप पर फर्जी दस्तावेज भेजकर विश्वास दिलाकर करीब 10 लाख रुपये उसके खाते से निकाल लिए।

उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए डिजिटल तकनीक, बैंकिंग ट्रेल और खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी अनुज यादव (23), निवासी राणा पार्क के पास रांझी, थाना रांझी, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) को चिन्हित किया। उसके बैंक खाते में ठगी की राशि अलग-अलग किस्तों में स्थानांतरित होना पाया गया। इस पर पुलिस दल ने मध्यप्रदेश में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित