बैतूल , जनवरी 14 -- राष्ट्रीय हिन्दू सेना और मध्यप्रदेश की बैतूल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवंश तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है।

मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस और संगठन की टीम ने भोपाल से बैतूल की ओर आ रहे एक सफेद रंग के ट्रक को 10 किलोमीटर तक पीछा कर नेशनल हाईवे पर रोका। महाराष्ट्र में पंजीकृत इस ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे गए 30 गोवंश मिले। दम घुटने से चार गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शेष गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए।

जांच में सामने आया कि ट्रक के अंदर लकड़ी की पटिया लगाकर पार्टीशन बनाया गया था और गोवंशों के चारों पैर बांधकर उन्हें भूखे-प्यासे रखा गया था। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों मुबीन खान, नरेन्द्र अहिरवार और जमील नसीब को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गोवंशों को भोपाल से महाराष्ट्र के अमरावती स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा था। यह कार्य वे अपने मालिक अतिक खान के निर्देश पर कर रहे थे। सभी जीवित गोवंशों को त्रिवेणी गोशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया, जबकि मृत गोवंशों का पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया। बैतूल बाजार थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित