नयी दिल्ली , फरवरी 05 -- देश को दलहन पैदावार में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से आगामी शनिवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में आयोजित हो रही एक बेहद अहम राष्ट्रीय बैठक में "पल्सेज मिशन पोर्टल" का शुभारंभ किया जायेगा। एक सरकारी विज्ञप्ति में गुरूवार को यह जानकारी दी गयी।

बैठक का मुख्य उद्देश्य तूर, उड़द और मसूर जैसी प्रमुख फसलों की पैदावार को बढ़ाकर आयात पर निर्भरता खत्म करना और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। इसमें दलहन आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय मिशन पर राष्ट्रीय परामर्श होगा। इस अवसर पर "पल्सेज मिशन पोर्टल" भी लांच होगा और प्रगतिशील किसानों को उन्नत किस्मों के बीजों का वितरण किया जाएगा।

इसमें कहा गया है कि सीहोर के आमला स्थित खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र (एफएलआरपी) में होने वाली इस 'राष्ट्रीय परामर्श एवं रणनीति बैठक' की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, वैज्ञानिक और विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान श्री चौहान नयी प्रयोगशालाओं और किसान प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ करेंगे।यह आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और अंतर्राष्ट्रीय शुष्क क्षेत्र कृषि अनुसंधान केंद्र कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित