रांची , फरवरी 07 -- झारखंड के पर्यटन, कला-संस्कृति, नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने आज दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य में 30 ईको कॉटेज का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया ।

इसके साथ ही, वन्यजीव प्रेमियों के रोमांच को बढ़ाने के लिए उन्होंने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विधिवत 'जंगल सफारी' का शुभारंभ किया। इस समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन तथा ईचागढ़ विधायक सविता महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मंत्री श्री कुमार ने बताया कि इन 30 ईको कॉटेज के निर्माण से यहाँ आने वाले पर्यटकों को अभ्यारण्य के समीप ठहरने की उत्कृष्ट सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटक प्रकृति के बीच रहकर दलमा की वादियों और इसके नैसर्गिक सौंदर्य का भरपूर लुत्फ उठा सकेंगे। सरकार का लक्ष्य पर्यटकों के प्रवास को अधिक सुलभ और आरामदायक बनाना है।

सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाने के पश्चात श्री कुमार एवं विभागीय अधिकारियों ने स्वयं भी जंगल सफारी के माध्यम से अभ्यारण्य का भ्रमण किया। इस नई सेवा से अब पर्यटकों के लिए दलमा की सैर अधिक सुरक्षित और रोमांचकारी हो जाएगी।

इस अवसर पर श्री कुमार ने कहा, "दलमा झारखंड की प्राकृतिक धरोहर का केंद्र है। हमने इसे पर्यटन हब बनाने का जो संकल्प लिया था, आज ईको कॉटेज का शिलान्यास और सफारी का शुभारंभ उसी दिशा में बढ़ते कदम हैं। इन सुविधाओं से क्षेत्र की एक नई पहचान बनेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित