दरभंगा , अप्रैल 28 -- गामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत एवं उससे जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष बैठक आयोजित की गई। श्री शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नौ मई को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान के मामलों को वृहद स्तर पर निपटाने के लिए विशेष व्यवस्था करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि ट्रैफिक चालान संबंधी लंबित मामलों की अधिकतम संख्या को देखते हुए इसके लिए लोक अदालत स्थल पर विशेष व्यवस्था किया जाये। जहां ट्रैफिक चालान भुगतान के पर्याप्त काउंटर बनाया जाए और इसके साथ ही लोक अदालत के स्थल पर पर्याप्त पेयजल, चलंत शौचालय, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, एम्बुलेंस सहित प्राथमिक उपचार आदि की व्यवस्था हो। इसके लिए सभी संबंधित हितधारकों को निर्देश जारी किया जायें।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा ने कहा कि 04 मई से 08 मई तक सितारा सप्ताह मनाया जाएगा जिसमें तृतीय लिंग के व्यक्तियों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विधिक जागरूकता, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पहचान पत्र बनवाने एवं कौशल विकास प्रशिक्षण, पुलिस संवेदीकरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें भी संबंधित अधिकारियों से सहयोग लिया जाएगा।
प्रधान जिला जज ने अधिवक्ता संघ में 05 मई को प्रस्तावित अधिवक्ताओं के लिए व्यावसायिक आचरण और शिष्टाचार के मानकों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
बैठक में जिला पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक सह सदस्य, जिला विधिक सेवा प्राधिकार जगन्नाथ रड्डी जला रड्डी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, सरकारी अधिवक्ता मिहिर कुमार झा, अधिवक्ता सदस्य सुशील कुमार पासवान, समाजसेवी सदस्य मनमोहन सरावगी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित