भोपाल , मार्च 03 -- श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में 04 मार्च को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पारंपरिक होली चल समारोह आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चल समारोह प्रातः 10 बजे दयानंद चौक से प्रारंभ होकर घोड़ा निक्कास, मंगलवारा जैन मंदिर, इतवारा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, चौकी चौक, सावरकर चौक, लखेरापुरा, भवानी चौक और सिंधी मार्केट होते हुए जनकपुरी में सम्पन्न होगा।

समारोह में सुसज्जित झांकियां, पारंपरिक ढोल-ताशे, डीजे, डुल-डुल घोड़ी, बग्घियां तथा रंगों के टैंकर विशेष आकर्षण रहेंगे। मार्ग में नागरिक उत्सव की छटा के साक्षी बनेंगे। समिति के अनुसार 3 मार्च को ग्रहण होने के कारण इस वर्ष चल समारोह 4 मार्च को आयोजित किया जा रहा है।

श्री तिवारी ने नागरिकों से उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि होली का पर्व हर्ष और उल्लास का त्योहार है, इसे सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करें, जिससे पर्व की गरिमा बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित