दतिया , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश में दतिया पुलिस को मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में 34 दिन बाद बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी कमल दांगी को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए गए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी को रिछरा फाटक इलाके के फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी को आरोपी मोहना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास जंगल में ले गया और वहां उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी।

एसपी सूरज कुमार वर्मा ने आरोपी को पकड़ने के लिए छह विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके अपनाते हुए शहर और आसपास के 500 से अधिक सरकारी व निजी सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी आधार पर एक रूट मैप तैयार किया गया और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की पहचान कमल दांगी निवासी बुहारा (हाल निवासी मामा का डेरा) के रूप में हुई।

पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी दतिया छोड़कर गुजरात के राजकोट भाग गया था। लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और अंततः उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित