कोलकाता , मई 02 -- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के दो प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों-मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर शनिवार को हुए पुनर्मतदान में शाम पांच बजे तक कुल 86.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान शाम 6 बजे संपन्न हुआ और इन आंकड़ों में अभी और वृद्धि होने की संभावना है।
आयोग की ओर से उपलब्ध कराये गये आंकड़ों के अनुसार, डायमंड हार्बर में 86.60 प्रतिशत और मगराहाट पश्चिम में 86.11 प्रतिशत मतदान हुआ। रुक-रुक कर हुई बारिश के बावजूद लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गये थे और सभी चिन्हित बूथों पर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया था।
मतदान केंद्रों के बाहर मतदाता धैर्यपूर्वक कतारों में खड़े नजर आये। मगराहाट पश्चिम में हल्की फुहारों के बीच भी मतदान जारी रहा, जो अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति लोगों के निरंतर उत्साह को दर्शाता है।
चुनाव आयोग ने मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के चार बूथों सहित कुल 15 केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। यह निर्णय 29 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान कथित अनियमितताओं और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के साथ छेड़छाड़ के दावों की रिपोर्ट के बाद लिया गया था।
आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और दिनभर सुचारू रूप से चलता रहा। सुबह नौ बजे तक मतदान का प्रतिशत 16.23 था, जिसमें शुरुआती घंटों के दौरान मगराहाट पश्चिम में 16.68 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 15.83 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया था।
मगरहाट पश्चिम के उत्तर आयरपुर एफपी स्कूल, नाजरा एफपी स्कूल और एकतारा मलय एफपी स्कूल के साथ-साथ डायमंड हार्बर के बगदा जूनियर हाई स्कूल और रायनगर एफपी स्कूल सहित कई बूथों पर कड़ी निगरानी में नये सिरे से मतदान कराया गया।
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार पहले के मतदान को रद्द करने और फिर से मतदान कराने का निर्णय रिटर्निंग अधिकारियों और चुनाव पर्यवेक्षकों की विस्तृत रिपोर्ट के बाद लिया गया। इन रिपोर्टों में 29 अप्रैल को हुई गड़बड़ियों और प्रक्रियागत खामियों को उजागर किया गया था।
इस बीच फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में संभावित पुनर्मतदान को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जहां 30 से अधिक बूथ जांच के दायरे में आये हैं। इन बूथों पर गोंद का उपयोग कर ईवीएम से छेड़छाड़, मतदान के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद करने और कुछ बूथों पर असामान्य रूप से अधिक मतदान होने जैसे आरोपों की जांच की जा रही है।
दिन की शुरुआत में फाल्टा में तनाव की खबरें आयीं, जहां स्थानीय लोगों ने कई बूथों पर पुनर्मतदान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस और केंद्रीय बलों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित