लखनऊ , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है और दक्षिणी हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि दक्षिणी भाग के कुछ स्थानों पर दिन के समय हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भाग में कुछ स्थानों पर गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति भी रहने के आसार हैं। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
प्रदेश में रविवार को प्रयागराज सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी (बीएचयू) में 44.2 डिग्री, सुल्तानपुर में 43.8 डिग्री, बांदा और झांसी में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।
कानपुर नगर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री, बाराबंकी में 42.5 डिग्री, गोरखपुर में 40.6 डिग्री, आगरा में 43.6 डिग्री तथा मेरठ में 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा नहीं हुई।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप और लू से बचने, पर्याप्त पानी पीने तथा आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित