जोहान्सबर्ग , जनवरी 23 -- दक्षिण अफ्रीका की 'डेमोक्रेटिक अलायंस' (डीए) के नेता जॉन स्टीनहुइसन ने उन दावों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका में तथाकथित 'श्वेत नरसंहार' हो रहा है।
डीए नेता ने गुरुवार को 'प्रेस गैलरी एसोसिएशन' में मीडिया से बात करते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका में कोई 'श्वेत नरसंहार' नहीं हो रहा है, बल्कि यहाँ अपराध की एक गंभीर और व्यापक समस्या है जो नस्ल की परवाह किए बिना सभी नागरिकों को प्रभावित कर रही है।
श्री स्टीनहुइसन ने कहा, "यदि कोई ठोस आंकड़ों पर नजर डाले, तो यह बिल्कुल स्पष्ट है कि अपराध की समस्या कहां है और इसका बोझ कौन उठा रहा है। यह श्वेत नरसंहार नहीं है, बिल्कुल भी नहीं।"उन्होंने कहा, "हाँ, श्वेत लोगों की हत्याएं होती हैं। लेकिन हमारे यहाँ अश्वेत और मिश्रित नस्ल के दक्षिण अफ्रीकी, भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी और अन्य दक्षिण एशियाई मूल के लोग भी हैं, जिनकी हत्याएं हो रही हैं।"उनकी यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दावोस में 'विश्व आर्थिक मंच' (डब्ल्यूईएफ) में किए गए उन दावों के जवाब में आई है, जिसमें श्री ट्रंप ने फिर से आरोप लगाया था कि दक्षिण अफ्रीका 'श्वेत नरसंहार' का सामना कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित