जोहान्सबर्ग , दिसंबर 21 -- दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के बेकर्सडाल में एक मदिरालय(बार) में हुए हमले में दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गयी और 10 अन्य लोग घायल हैं।
पुलिस के अनुसार लगभग 12 अज्ञात बंदूकधारी दो वाहनों में सवार होकर आये और बार में मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। वे घटनास्थल से भागते समय भी लगातार फायरिंग करते रहे।
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग के अनुसार, यह गोलीबारी रविवार को स्थानीय समयानुसार लगभग दिन में एक बजे हुई। पुलिस ने बताया कि अभी तलाशी अभियान जारी है।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका दुनिया की सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में से एक है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल और सितंबर के बीच औसतन हर दिन 63 लोग मारे गए। यहाँ अक्सर बहस, डकैती और गिरोहों की आपसी हिंसा के कारण हत्याएं होती रहती हैं। इस हत्याकांड का हालांकि अभी मकसद स्पष्ट नहीं है।
घटनास्थल पर प्रांतीय पुलिस के उप-आयुक्त मेजर-जनरल फ्रेड केकाना ने न्यूज़ टेलीविज़न चैनल 'न्यूज़रूम अफ़्रीका' को बताया कि पिस्तौल और एके-47 से लैस अपराधियों ने 'बिना किसी उकसावे के' यह हमला किया। उन्होंने कहा, " ग्राहक बस अपना मनोरंजन कर रहे थे जब हमलावर आए और गोलियां चला दीं।"श्री केकाना ने आगे बताया कि पीड़ितों में से दो को बार के बाहर तब गोली मार दी गई जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे। तीसरा व्यक्ति एक टैक्सी ड्राइवर था जिसने पास में ही एक यात्री को छोड़ा था।
एक व्यक्ति ने न्यूज़रूम अफ़्रीका से बात करते हुए बताया कि बेकर्सडाल में रात के समय गोलीबारी होना अब एक सामान्य बात हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित