दंतेवाड़ा , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ जिले के एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में चयनित आईटीआई छात्रों को शनिवार को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये, जिससे युवाओं में उत्साह का वातावरण देखा गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रोजगार विभाग एवं आईटीआई गीदम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को श्रम आईएन प्राइवेट लिमिटेड में नियुक्ति के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम की शुरुआत पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश ठाकुर के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और तकनीकी शिक्षा के विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चैतराम अटामी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आईटीआई गीदम के प्राचार्य हेमंत सोनवानी ने प्लेसमेंट ड्राइव की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को औद्योगिक संस्थानों से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को सीधे लाभ मिल रहा है।
विधायक अटामी ने अपने संबोधन में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुदृढ़ करने के लिए किये जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं कौशल उन्नयन पर बल दिया। श्री कुंजाम ने युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न शासकीय ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में चयनित सभी अभ्यर्थियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किये गये। नियुक्तिपत्र प्राप्त करते ही छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि के लिए अपने शिक्षकों एवं संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित