दंतेवाड़ा , दिसंबर 19 -- छत्तीसगढ के दंतेवाड़ा जिले में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुकमा जिले में पदस्थ पुलिस उपाधीक्षक तोमेश वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया गया।
पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुलिस उपाधीक्षक वर्मा न्यायालयीन प्रकरण के संबंध में शुकव्रार को जिला न्यायालय दंतेवाड़ा आए हुए थे। इसी दौरान दंतेवाड़ा के बाजार क्षेत्र, टीवीएस शोरूम के पास यह सनसनीखेज घटना हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक और युवती ने अचानक पुलिस उपाधीक्षक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस की तत्परता से दोनों हमलावरों को मौके से ही पकड़ लिया गया।
घायल अवस्था में पुलिस उपाधीक्षक को तत्काल जिला अस्पताल दंतेवाड़ा लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस के अनुसार वर्तमान में उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि उपाधीक्षक और आरोपियों के बीच दुर्ग जिले की अदालत में चल रहे एक पुराने न्यायालयीन प्रकरण को ही इस हमले का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हमलावर युवक की पहचान रविशंकर साहू के रूप में हुयी है और वह दुर्ग में रहता है, जबकि युवती भी दंतेवाड़ा पुलिस की हिरासत में है। दोनों से पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित