दंतेवाड़ा , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शुक्रवार को पशुओं की सुरक्षा और उपचार के लिए पशु एम्बुलेंस सेवा शुरु की गयी है।

जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद अंतर्गत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत "एम्बुलेंस विथ हाइड्रोलिक स्ट्रेचर" सेवा का आज औपचारिक शुभारंभ किया गया। कलेक्टरेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर सेवा के संचालन का शुभारंभ किया।

इस विशेष एम्बुलेंस सेवा का उद्देश्य दुर्घटनाग्रस्त, बीमार और घायल पशुओं को सुरक्षित तरीके से उपचार केंद्र तक पहुंचाना है। हाइड्रोलिक स्ट्रेचर की सुविधा से पशुओं को उठाने-ले जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर किया जा सकेगा और किसी भी अतिरिक्त चोट की आशंका कम होगी। यह सुविधा विशेष रूप से उन मामलों में कारगर साबित होगी, जहां पशु सड़क दुर्घटनाओं या अन्य आकस्मिक घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होते हैं।

विधायक चैतराम अटामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सेवा जिले में पशु संरक्षण और कल्याण की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे घायल पशुओं के उपचार की प्रक्रिया तेज होगी और उनकी जान बचाने की संभावना भी बढ़ेगी। उन्होंने जिला प्रशासन और पशुधन विभाग की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सेवा आम जन और पशुपालकों दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में पशुधन विभाग के उप संचालक डॉ. श्यामा मालवीय सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से जिले में पशु चिकित्सा सुविधाओं को नई मजबूती मिली है, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित और प्रभावी उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित