दंतेवाड़ा , फरवरी 25 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में आगामी खरीफ सीजन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुधन सहित अन्य संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आवश्यक बैठक ली। बैठक का उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करना और आगामी सीजन के लिए रणनीति तैयार करना था।

बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों से योजना के संदर्भ में दिए गए लक्ष्यों की पूर्ति की स्थिति तथा लक्ष्य पूर्ति में आ रही समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी खरीफ सीजन से पूर्व एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर ली जाए, ताकि मानसून के आगमन के साथ ही आवश्यक कार्य त्वरित गति से किए जा सकें। उन्होंने कहा कि अभी से लक्ष्य की पूर्व तैयारी सुनिश्चित कर लेने से आगामी वर्ष तक योजना के तहत उत्साहजनक प्रगति हासिल की जा सकेगी।

कलेक्टर ने कृषि विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि एग्रीस्टैक पंजीयन शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने धान के अलावा अन्य फसलों के क्षेत्र विस्तार पर जोर दिया और बीआरसी केंद्रों में जैविक सामग्री उत्पादन को बढ़ावा देने की बात कही। उद्यानिकी विभाग को नर्सरी विकसित करने, सब्जी क्षेत्र का विस्तार करने, मल्चिंग क्षेत्र बढ़ाने और शेड नेट निर्माण के साथ-साथ प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत प्रकरणों में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित