दंतेवाड़ा , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिला रोजगार कार्यालय दंतेवाड़ा ने युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने और अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से अग्निवीर 2026 भर्ती प्रक्रिया पर विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला शहीद महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय एवं आईटीआई दंतेवाड़ा में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) ने सोमवार को बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अग्निवीर योजना के अंतर्गत होने वाली भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, चयन के विभिन्न चरणों तथा तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सूबेदार दिनार्थो पान तथा सेवानिवृत्त लांस नायक रमेश सिदार ने युवाओं को अपने अनुभवों के आधार पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि अग्निवीर भर्ती में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित शारीरिक अभ्यास, अनुशासित दिनचर्या और सही रणनीति के साथ पढ़ाई करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को समय प्रबंधन के महत्व को समझाते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रभावी अध्ययन पद्धति अपनाने की सलाह दी। साथ ही शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रतिदिन दौड़, व्यायाम और संतुलित आहार लेने पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। इससे छात्रों को भर्ती प्रक्रिया की बारीकियों को समझने और अपनी तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित