दंतेवाड़ा , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले के नगरपालिका बचेली क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सक्रिय पहल तेज कर दी है।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बचेली क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में किसी भी नागरिक को जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए त्वरित और प्रभावी उपाय सुनिश्चित किये जायें। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका और एनएमडीसी के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में वर्तमान जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गयी।

बैठक में गर्मी के दौरान जलापूर्ति को सुचारु बनाये रखने के लिए अल्पकालिक उपायों के साथ-साथ दीर्घकालीन रणनीति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्थायी समाधान तैयार करना आवश्यक है, जिससे भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने तकनीकी सुधारों के माध्यम से जलापूर्ति प्रणाली को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन ट्रांसपोर्ट नगर का अवलोकन करते हुए फेस-2 के अंतर्गत अतिरिक्त सुविधाओं के लिए शीघ्र प्राकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। वहीं रॉ वाटर स्थल डिपॉजिट-05 का निरीक्षण कर एनएमडीसी, पीएचई और नगर पालिका की संयुक्त टीम को सात दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।

कलेक्टर ने एनएमडीसी और नगर पालिका के फिल्टर प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने तथा टंकी निर्माण के निर्देश भी दिये। इसके अलावा नगर के मंगल भवन की मरम्मत और वार्ड क्रमांक एक में निर्माणाधीन छठ घाट के लिए भी आवश्यक प्राकलन शीघ्र तैयार करने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित