दंतेवाड़ा , जनवरी 25 -- रजत जयंती वर्ष 2025-26 के उपलक्ष्य में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के विशेष जागरूकता सप्ताह का आयोजन उत्साहपूर्ण तरीके से किया गया। कलेक्टर एवं कार्यपालन अभियंता, जिला जल स्वच्छता समिति के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जिला पीआरओ से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक,अभियान के तहत विद्यालयों में छात्रों और शिक्षकों को योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान ड्रॉइंग प्रतियोगिता, वॉल पेंटिंग, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों तक स्वच्छ पेयजल का संदेश पहुंचाया।
पीएचई विभाग द्वारा गांव-गांव में जागरूकता रथ चलाकर लोगों को योजना के उद्देश्य, लाभ और स्वच्छ जल के महत्व के बारे में समझाया गया। साथ ही, ग्रामीण महिलाओं, जल बाहिनी सदस्यों, हाई स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों को एफटीके प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे स्वयं अपने क्षेत्र के पानी की गुणवत्ता की निगरानी कर सकें।
अभियान के दौरान पेयजल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। सार्वजनिक हैंडपंपों के आसपास सफाई, मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की गई। ग्रामीणों को दूषित जल से होने वाली बीमारियों के बारे में भी जागरूक किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित