दंतेवाड़ा , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के दंतवाड़ा जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन के ड्रग वेयरहाउस, गीदम का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सीय उपकरणों की स्थिति का अवलोकन किया।

जिला पीआरओ से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के फिजियोथेरेपी कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष, डॉट्स प्रयोगशाला, दंत चिकित्सा कक्ष और लैब सहित सभी विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्डों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जिससे मरीज संबंधित कर्मियों की आसानी से पहचान कर सकें।

कलेक्टर ने स्टोर रूम में दवाइयों के स्टॉक की जानकारी ली और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके को प्रत्येक 10 दिन में स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिया। लैब तकनीशियन को मरीजों की जांच पूरी सावधानी से करने की सलाह दी गई। इसके अलावा ईसीटीसी कक्ष के प्रभारी तकनीशियन की लापरवाही पर कलेक्टर ने नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

कलेक्टर ने जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने मरीजों को बेहतर इलाज और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित