दंतेवाड़ा , जनवरी 22 -- दंतेवाड़ा जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बस्तर पंडुम महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने गुरुवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

कलेक्टर ध्रुव ने मुख्य मंच, दर्शकों की बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए निर्धारित स्थान, आगंतुकों के लिए सुविधाएं, पार्किंग, बिजली, पेयजल तथा स्वच्छता संबंधी सभी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बस्तर पंडुम जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, कला एवं परंपराओं को प्रदर्शित करने का एक प्रमुख मंच है। इसलिए इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों, आम नागरिकों एवं विशेष अतिथियों की सुविधा तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही, पारंपरिक नृत्य-संगीत, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के प्रदर्शन हेतु उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने यह भी आग्रह किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निरीक्षण करके व्यवस्थाओं की प्रगति पर निगरानी रखने को कहा, ताकि यह आयोजन सुव्यवस्थित, सफल और सभी के लिए यादगार बन सके।

इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, वनमंडल अधिकारी रंगानाधा रामाकृष्णा वाय. सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित