दंतेवाड़ा , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ राज्य में न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से दंतेवाड़ा एवं सुकमा जिले में न्यायाधीश आवास निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया ।
जिला पीआरओ से बुधवार को मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यालय दंतेवाड़ा से आयोजित इस कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के कई वरिष्ठ न्यायाधीश एवं प्रशासनिक अधिकारी डिजिटल माध्यम से सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि जिला न्यायपालिका को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधा संपन्न अधोसंरचना उपलब्ध कराना उच्च न्यायालय की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि दंतेवाड़ा और सुकमा जैसे दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पदस्थ न्यायाधीशों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास उपलब्ध होने से न्यायिक कार्यों की दक्षता बढ़ेगी और न्याय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि विगत ढाई वर्षों में दंतेवाड़ा जिला न्यायालय की अधोसंरचना में उल्लेखनीय प्रगति हुई है जिससे न्यायिक सेवाएं आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और पारदर्शी बनेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित