दंतेवाड़ा , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ते हुए उनके करियर विकल्पों को व्यापक बनाने के उद्देश्य से 29 मार्च को एजुकेशन सिटी जावांगा स्थित बीपीओ कॉल सेंटर में "करियर अन्वेषण विद एआई - हैकाथॉन 2026" का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन में जिले के विभिन्न पोटाकेबिन, आवासीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में संचालित एआई डिजिटल शिक्षा कार्यक्रम से जुड़े चयनित छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) ने गुरुवार को बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस हैकाथॉन का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) के माध्यम से करियर के विविध अवसरों से परिचित कराना, उनकी रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार सोच को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषय-आधारित समूहों में विभाजित किया जाएगा, जहां वे एआई आधारित समाधान विकसित करने का प्रयास करेंगे। आयोजन में एआई आधारित करियर अवसरों पर उन्मुखीकरण सत्र, समूह आधारित परियोजना कार्य, समस्या समाधान और नवाचार से जुड़ी चुनौतियां शामिल होंगी। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी परियोजनाओं को बेहतर ढंग से विकसित कर सकें।
हैकाथॉन के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों द्वारा तैयार परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही वर्षभर विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने वाले एआई फेसिलिटेटरों को भी सम्मान दिया जाएगा।
यह आयोजन कलेक्टर दंतेवाड़ा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशन में किया जा रहा है। कार्यक्रम के समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा द्वारा निभाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित