टिहरी, मार्च 24 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी के छाम क्षेत्र की पट्टी जुवा ग्राम कमांद में मंगलवार को उप निरीक्षक दीपक रावत के नेतृत्व में महिलाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को साइबर अपराधों और डिजिटल ठगी के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर उप निरीक्षक रावत ने उपस्थित महिलाओं को साइबर ठगी से बचाव के कई महत्वपूर्ण उपायों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और इसके शिकार अक्सर बेखबर नागरिक बन जाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें, और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।

कार्यक्रम में महिलाओं को गौरा शक्ति एप के माध्यम से उनकी सुरक्षा के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। उप निरीक्षक ने बताया कि इस एप के जरिये महिलाएं तुरंत मदद प्राप्त कर सकती हैं, अपने आसपास की सुरक्षा स्थिति देख सकती हैं और साइबर अपराध की घटनाओं की रिपोर्ट भी कर सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित