, March 12 -- बैंकॉक, 12 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) थाईलैंड के एक मालवाहक जहाज में चालक दल के तीन लापता सदस्यों के फंसे होने की आशंका है।

इस बीच थाईलैंड नौसेना प्रमुख ने तलाशी अभियान में फौरन मदद के लिए ओमान के अपने समकक्ष से सीधा संवाद कायम किया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में यात्रा के दौरान थाईलैंड के ध्वज वाले इस जहाज पर बुधवार को हमला हुआ था। इसमें चालक दल के कुल 23 थाई सदस्य सवार थे। इनमें से 20 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जो फिलहाल ओमान के तट पर हैं।

जहाज की मालिक कंपनी 'प्रेशियस शिपिंग पीसीएल' ने जारी एक बयान में कहा, "चालक दल के तीन सदस्यों के लापता होने की खबर है और अंदेशा है कि हमले में क्षतिग्रस्त जहाज के 'इंजन रूम' में वे फंसे हो सकते हैं।"इस हमले के बाद थाईलैंड की रॉयल नेवी के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल पायरोत फुआंगचन ने बुधवार शाम को ओमान की रॉयल नेवी के कमांडर रियर एडमिरल सैफ बिन नासिर अल राहबी को जरूरी संदेश भेजा। इसमें उन्होंने थाई चालक दल को दी गयी फौरी मदद के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित