श्रीगंगानगर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा सम्मानित होने के बाद पूर्व सैनिक अनिल जाखड़ का शनिवार को रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष और क्रय विक्रय सहकारी समिति (केवीएसएस) के अध्यक्ष राकेश ठोलिया, सरपंच सुनील गोदारा, पूर्व पार्षद योगेश बिश्नोई एडवोकेट, वेदप्रकाश, सुनील जाखड़, युवराज बिश्नोई, अजय गौतम, शिवदत्त जाखड़ और अकादमी के बच्चों सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें मालाएं पहनाकर और पुष्प वर्षा करके सम्मानित किया।

यह स्वागत उस सम्मान के उपलक्ष्य में किया गया, जो श्री जाखड़ को सेवानिवृत्ति के बाद समाज के सभी वर्गों में सामाजिक कार्य, युवाओं के प्रशिक्षण और पूर्व सैनिक कल्याण में उनके योगदान के लिए मिला है। सेना मुख्यालय, नयी दिल्ली में थल सेनाध्यक्ष द्वारा उन्हें प्रशंसा पत्र एवं पदक प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि विशेष इसलिए है, क्योंकि भारत से केवल चार लोगों को ही यह सम्मान प्राप्त हुआ है। श्री जाखड़ ने इस सम्मान के लिए अकादमी के सभी बच्चों और प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त किया, जिनके समर्पण और मेहनत से यह संभव हो पाया।

पूर्व सैनिक श्री जाखड़ आर्मी कमांडो स्पोर्ट्स एवं डिफेंस एकेडमी के संचालक हैं, जहां वे पूर्व सैनिकों (ईएसएम) के बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। साथ ही अनाथ एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को मुफ्त छात्रावास एवं मेस सुविधा उपलब्ध कराते हैं। खेल क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है। अब तक उनकी अकादमी में 13 राज्य स्तरीय खिलाड़ी, चार राष्ट्रीय खिलाड़ी, दो अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी और एक दिव्यांग राष्ट्रीय खिलाड़ी पदक विजेता तैयार हो चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित